स्वतंत्रता में ही सच्ची शांति नीहित है - प्राची पाराशर
मानसिक स्वतंत्रता से प्राप्त शांति ही कहलाती है सफलता की सीढ़ी
- प्राची पाराशर
अनुरोध है मेरा मेरे पाठकों से , मेरे उन परम-प्रिय मित्रों से , जो अपने बच्चों को अपने निर्णय के अनुसार जीवन चुनने को बाध्य करते हैं | मेरी यह कहानी मेरे जीवन की सच्ची घटना है | कृपया इस लेख को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अपने बच्चों के जीवनदाता बनने की अपेक्षा उनका परम मित्र बनने का प्रयास करें |
हजारों करोड़ों बलिदानों के पश्चात स्वतंत्रता तो प्राप्त कर ली , परंतु तब तक स्वयं को स्वतंत्र कह सकते हैं क्या जब तक हमार मानसिकता स्वतंत्रता के मधु को चख नहीं लेती ?
आप बीती कहानी से अपने पाठकों को रूबरू कराना चाहती हूँ | मैं उस पीढ़ी की हूँ जिस पीढ़ी में माता-पिता से "ऐसा क्यों होता है ?" प्रश्न नहीं किया जाता था | "ऐसा ही होता है " या "ऐसा ही करना पड़ता है" के आगे माथा टेकना ही संस्कार माने जाते थे |
बचपन से ही वकील बनने का सपना मन में सँजोए आगे बढ़ती रही मैं | परंतु परिवारजन का सहयोग प्राप्त न होने पर बस निकल पड़ी एक अनजाने सफर पर जिसकी मंजिल का न कोई पता , न कोई खबर | ऐसे जीवन का निष्कर्ष - आत्म विश्वास में कमी , सामाजिकता निभाने में असमर्थता, जाने अनजाने स्वयं में एक अधूरापन महसूस करना और मंजिल पाए बिना सफर खत्म हो जाने का भय |इसी असमंजस, मानसिक भय और अस्थिरता में ही एक प्रयोग कर डाला अपनी बड़ी बेटी पर भी | पर उसी राह पर उसे भी और खुद को भी खड़े पाया |
पर हाँ ! इन दो ठोकरों के बाद अपनी छोटी बेटी को मैंने बचपन से ही उसकी बौद्धिक क्षमता के अनुसार सोचने , समझने और कार्य करने की पूरी छूट दी और ये देख रही हूँ कि मेरी छोटी बिटिया 14 वर्ष की किशोरावस्था में ही कितने ही अद्भुत गुणों में पारंगत हो रही है | अपनी इस छोटी सी उम्र में उसने अपनी ही उम्र के बच्चों कीमानसिक तथा हार्दिक भावनाओं पर आधारित एक उपन्यास (novel) लिखा है और साथ ही साथ online उर्दू सीख कर शहर के बुजुर्ग शायरों के साथ मुशायरे में शिरकत भी करती है |
सच कहूँ , उसे इस तरह अपनी इच्छानुसार आगे बढ़ते देख कर मुझे एक माँ होने के नाते इतना आत्मिक सुख और शांति प्राप्त होती है जितना शायद एक वकील बन कर होती | मैं यह नहीं कहती कि हमारे समय के माता-पिता हमारे दुश्मन थे , परंतु उन्होंने हममें कभी पारंगत होने का विश्वास ही नहीं ढूँढना नहीं चाहा | उस समय साधन - संसाधन इतने अधिक थे नहीं , न ही लोगों की मानसिकता इतनी विकसित थी कि जीवन में आगे बढ़ना या उन्नति करना जीवन का एक महत्वपूर्ण लक्ष्य दिखाई दे |
हर माता-पिता यही चाहते हैं कि हमारा बच्चा जीवन में कभी किसी विपदा में न पड़े |ईश्वर से ऐसी कामना करना ही अच्छे माँ-बाप होने की निशानी है | परंतु जब तक रात के अंधेरे को न जाना , तब तक रोशनी का महत्व कहाँ से पता लगेगा ? कहने का तात्पर्य यह है कि यदि हम अपने बच्चे के सफल जीवन की कामना करते हैं तो उसका हाथ थाम कर नहीं , उसे स्वयं अपने मार्ग चुनने के लिए बचपन से ही प्रेरित करना आवश्यक है |
चिड़िया क्यों अपने नन्हें-नन्हें चूजों को घोंसले से धक्का मारती है ?
ताकि वे उड़ना सीखें , चाहे गिरे,चोट खाएँ , पर प्रयत्न करें और उड़ान भरनी सीखें |
शेरनी क्यों अपने छोटे-छोटे शावकों को दूध पिलाना छोड़ कर उन्हें शिकार पर ले जाती है ?
ताकि वे एक सफल शिकारी बन पाएँ |
सूरज की तपती गर्मी में, जरा लू के थपेड़े पड़ने दो |
लाचार जिन्हें सोचा सबने, उन्हें भी आगे बढ़ने दो |
गहरी है खाई आगे गर , न हाथ थाम खींचो उनका ,
नन्हें पैरों को खाई से बचने की तरकीबें गढ़ने दो |
स्वयं राह जो खोजे अपनी वो ही सफल हो पाता है |
स्वतंत्र मन से हर इक सीढ़ी सफलता की बच्चों को चढ़ने दो |
सलाहकार बनो , बस मित्र बनो ,रोको न उन्हें ,
आत्मविश्वासी होने दो उन्हें पर थोड़ा-थोड़ा डरने दो |
उन्हें यूँ ही आगे बढ़ने दो |



Comments
Post a Comment